उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण योजनाओं के तहत फरवरी में लाभार्थियों को मिलेगा आर्थिक सहयोग

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नंदा गौरा योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना के पात्र लाभार्थियों को फरवरी के पहले सप्ताह में धनराशि वितरित कर दी जाएगी।

मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के बाद बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत अब तक 11 जनपदों की अंतिम लाभार्थी सूची तैयार हो चुकी है। इसमें 34,852 इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं और 6,021 नवजात बालिकाएं शामिल हैं। इन सभी को धनराशि वितरण के लिए फरवरी के पहले सप्ताह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शेष दो जनपदों की सूची शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

एकल महिला स्वरोजगार योजना: महिलाओं को मिलेगा आर्थिक समर्थन

मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत 504 पात्र महिलाओं की सूची अंतिम रूप ले चुकी है और इन्हें भी फरवरी के पहले सप्ताह में सहायता राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त दो जनपदों की 331 पात्र महिलाओं की सूची प्रक्रिया में है, जिसे जल्द पूरा किया जाएगा।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विशेष सहायता

मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कल्याण कोष के तहत 1 अप्रैल से सेवा निवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ₹1 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी वित्तीय वर्ष में इस राशि को और बढ़ाने की योजना है।

वृद्ध महिलाओं के लिए नई योजना

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश की वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक, चिकित्सीय और भावनात्मक समर्थन देने के उद्देश्य से एक नई योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का स्वरूप तय करने से पहले गांव-गांव जाकर वृद्ध महिलाओं का सर्वेक्षण किया जाए, ताकि वास्तविक जरूरतों के अनुसार योजना को अंतिम रूप दिया जा सके।

विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी

बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button