
नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह दो दिवसीय नैनीताल दौरा राज्य के लिए गौरवपूर्ण अवसर है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह भ्रमण सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बने। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी श्री रयाल के अनुसार राष्ट्रपति 3 नवंबर को हल्द्वानी स्थित आर्मी हेलिपैड पर पहुंचेंगी, जहाँ उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह सड़क मार्ग से नैनीताल राजभवन के लिए रवाना होंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी।
अगले दिन 4 नवंबर को राष्ट्रपति कैंची धाम मंदिर जाकर बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन करेंगी। इसके पश्चात वह कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान करेंगी।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभागवार जिम्मेदारियाँ तय कर दी हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने कार्यों को पूर्ण जिम्मेदारी, समन्वय और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने जल संस्थान को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने और नगर पालिका को शहर में स्वच्छता व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को राष्ट्रपति के रूट पर सड़कों से अव्यवस्थित सामग्री हटाने और मार्ग को पूरी तरह सुगम बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी कार्यक्रम स्थलों पर एम्बुलेंस, विशेषज्ञ चिकित्सक दल, कार्डियोलॉजिस्ट और फिजिशियन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खानपान की गुणवत्ता पर निगरानी रखने और दूरसंचार विभाग को बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



