
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार रात रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आखिरी गेंद पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। इसके साथ ही मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। इससे पहले दिन के मुकाबले सीएसके ने एलएसजी को बाहर किया था। आरसीबी ने दो विकेट से यह शानदार जीत दर्ज की है। एक ऐसी पिच पर जहां 167 रनों का पीछा करते हुए बल्लेबाज मुश्किलों से जूझते नजर आए। क्रुणाल पंड्या की 73 रनों की जुझारू पारी और भुवनेश्वर कुमार के शानदार फिनिशिंग टच ने आरसीबी को जीत दिलाई।
मुंबई इंडियंस की खराब शुरुआत
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद ही खराब रही। भुवनेश्वर कुमार के शानदार स्पेल (4/23) ने मुंबई के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने रयान रिकेटन, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को जल्दी-जल्दी आउट किया और बाद में वापस आकर तिलक वर्मा को भी चलता किया। तिलक वर्मा के शानदार 57 रनों और नमन धीर के 47 रनों की मदद से मुंबई 166/7 का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
क्रुणाल ने की आक्रामक बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करने की शुरुआत काफी उथल-पुथल भरी रही। दीपक चाहर ने शुरुआत में ही वार किया और पहले ही ओवर में विराट कोहली को ‘गोल्डन डक’ (बिना खाता खोले) पर आउट कर दिया। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल भी सस्ते में निपट गए, जिससे आरसीबी का स्कोर 24/2 हो गया। फिर कॉर्बिन बॉश ने गेंदबाजी की कमान संभाली और कप्तान रजत पाटीदार को आउट करके बेंगलुरु को पावरप्ले के अंत तक 47/3 के स्कोर पर मुश्किल में डाल दिया।
पावरप्ले तक मुंबई का पलड़ा भारी था। जसप्रीत बुमराह ने कसी हुई गेंदबाजी की। जैकब बेथेल ने धैर्यपूर्ण 27 रनों की पारी खेलकर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन मैच का असली मोड़ क्रुणाल पंड्या के आने से आया। क्रुणाल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 73 रन की पारी खेली और आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई।
आखिरी ओवर का रोमांच
आखिरी ओवर जीत के लिए 15 रन की दरकार थी। राज बावा ने एक वाइड और एक नो बॉल फेंकी, फिर शेफर्ड ने सिंगल लिया। बावा ने फिर एक वाइड फेंकी जिस पर बाई का सिंगल भी चला गया और दूसरी गेंद पर शेफर्ड कोई रन नहीं ले पाए और तीसरी पर वह आउट हो गए। फिर भुवनेश्वर क्रीज पर उतरे।
चौथी गेंद बावा ने वाइड फेंकी और उसके अगली गेंद पर भुवनेश्वर ने छक्का जड़ दिया। अब दो गेंदों पर तीन रन की दरकार थी। भुवी ने पांचवीं गेंद पर सिंगल लिया। फिर आखिरी गेंद पर रसिख सलाम ने दो रन लेकर आरसीबी की जीत सुनिश्चित की।


