खेलमनोरंजन

टीम इंडिया को चेन्नई में मिली जीत पर कोलकाता में होगा ‘असली परीक्षा’, क्या सूर्या की सेना वेस्टइंडीज को हरा पाएगी?

नई दिल्ली. भारत और जिम्बाब्वे के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले ने सेमीफाइनल की रेस को बेहद रोमांचक बना दिया है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 72 रनों के भारी अंतर से तो हरा दिया, लेकिन इस बड़ी जीत के बावजूद भारतीय टीम की राह अभी भी कांटों भरी है. आइए समझते हैं कि कैसे 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद भी भारत की किस्मत अब कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने वाले आखिरी मुकाबले पर टिकी है.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. सूर्या के रणबांकुरों ने निर्धारित 20 ओवरों में 256/4 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. चेन्नई की पिच पर रनों का यह सैलाब देखकर लगा था कि भारत अपनी नेट रन रेट (NRR) में बड़ा सुधार करेगा. जवाब में जिम्बाब्वे के लिए ब्रायन बेनेट ने 97 रनों की जुझारू पारी खेली, जिसकी बदौलत जिम्बाब्वे ने 184/6 का स्कोर बनाया. भारत ने मैच तो 72 रनों से जीता, लेकिन सेमीफाइनल की अंकगणित में एक ‘पेंच’ फंस गया.

नेट रन रेट का गणित: क्यों चूकी टीम इंडिया?

सेमीफाइनल की सुरक्षित सीट पक्की करने के लिए भारत को जिम्बाब्वे को कम से कम 148 रनों के अंतर से हराना था. ऐसा करने पर भारत की नेट रन रेट वेस्टइंडीज से बेहतर हो जाती. चूंकि भारत केवल 72 रनों से जीता. इसका मतलब यह है कि अगर ग्रुप-1 की अंक तालिका में दोनों टीमें बराबर अंकों पर रहती हैं, तो बेहतर रन रेट के कारण वेस्टइंडीज बाजी मार ले जाएगी.

सेमीफाइनल का समीकरण: अब आगे क्या?

अब भारतीय टीम के पास क्वालीफाई करने का केवल एक सीधा रास्ता बचा है, और वह रास्ता कोलकाता से होकर गुजरता है. भारत का अगला मैच रविवार को वेस्टइंडीज से है. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को यह मैच हर हाल में जीतना होगा. जीत मिलते ही भारत के अंक वेस्टइंडीज से ज्यादा हो जाएंगे और टीम सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी.

अगर रविवार को ‘मेन इन मैरून’ (वेस्टइंडीज) भारत को हरा देती है, तो भारतीय टीम ग्रुप-1 की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक जाएगी और टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. अगर कोलकाता में मैच के दौरान बारिश होती है और खेल धुल जाता है (Washout), तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा. ऐसी स्थिति में भी वेस्टइंडीज को फायदा होगा क्योंकि उनकी बेहतर रन रेट उन्हें सेमीफाइनल का टिकट दिला देगी.

अन्य टीमों का हाल

ग्रुप-1 से दक्षिण अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. वहीं ग्रुप-2 में इंग्लैंड ने अपनी जगह पक्की कर ली है. अब सारा दारोमदार भारत बनाम वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड के मैचों पर टिका है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button