
देहरादून। सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की व्यापक जन-जानकारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना अधिकारियों को पेशेवर दक्षता और प्रभावी संचार रणनीति के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का सही और समय पर प्रचार-प्रसार विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मीडिया समन्वय और पत्रकारों की समस्याओं का समाधान
सूचना निदेशालय में आयोजित बैठक में श्री तिवारी ने मीडिया के साथ बेहतर समन्वय बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनहितकारी योजनाओं की सटीक जानकारी जनता तक पहुँचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को योजनाओं से जुड़ी जानकारी स्पष्ट, तथ्यपरक और समयबद्ध रूप में साझा करने के निर्देश दिए गए।

सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग
महानिदेशक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों, उपलब्धियों, सक्सेस स्टोरीज और जनहित से जुड़े रोचक लेख सोशल मीडिया पर प्रकाशित किए जाएं। इसके साथ ही, यह सामग्री पूरी तरह तथ्यात्मक, संतुलित और सकारात्मक होनी चाहिए, तथा किसी भी अपुष्ट जानकारी से बचना अनिवार्य है।
जिला सूचना कार्यालयों की भूमिका और समयबद्ध कवरेज
श्री तिवारी ने जिला सूचना कार्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और कहा कि सभी सरकारी कार्यक्रमों की समयबद्ध कवरेज हो। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सकारात्मक संचार माहौल बनाने, आपदा और अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की कवरेज के लिए एसओपी तैयार करने, प्रेस सेवा पोर्टल का सही उपयोग करने और फिल्म शूटिंग की अनुमति संबंधित कार्य सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से संपादित करने के निर्देश दिए।
विभाग का पुनर्गठन और संसाधन विकास
महानिदेशक ने विभाग को आधुनिक संचार आवश्यकताओं के अनुरूप सशक्त बनाने के लिए शासन को पुनर्गठन प्रस्ताव भेजने और रिक्त पदों को भरने हेतु अधियाचन भेजने की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त, जिला सूचना कार्यालयों के भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि तलाशने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि बिजारनियां, मनोज श्रीवास्तव सहित सभी जिला सूचना अधिकारी उपस्थित थे।



