उत्तराखंडराज्य

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

देहरादून। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को लोक भवन, देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और संवैधानिक दायित्व है, जिसे निभाना हर लोकतंत्र प्रेमी का कर्तव्य है।

दीप प्रज्वलन और मतदाता शपथ के साथ हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित नागरिकों और अधिकारियों को मतदाता शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्कृष्ट निर्वाचन कार्यों के लिए अधिकारियों का सम्मान

राज्यपाल ने निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चम्पावत और बागेश्वर के जिलाधिकारियों को सम्मानित किया। वहीं प्री-एसआईआर के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले ईआरओ रुड़की, खटीमा और चकराता को भी सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान निष्पक्ष और सफल निर्वाचन प्रक्रिया में उनके योगदान के लिए दिया गया।

स्टेट आइकॉन और नए मतदाताओं का हुआ अभिनंदन

कार्यक्रम में राज्य के स्टेट आइकॉन पद्मश्री बसंती बिष्ट, ओलंपियन मनीष रावत और पर्वतारोही नुंग्शी मलिक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को राज्यपाल द्वारा मतदाता प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

जागरूक नागरिक ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक होते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से प्रत्येक चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। इस वर्ष की थीम “मेरा भारत–मेरा वोट” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर एक वोट देश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

चुनाव आयोग और निर्वाचन कर्मियों की सराहना

राज्यपाल ने भारत निर्वाचन आयोग की निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय चुनाव प्रणाली की सराहना की। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ और सुरक्षा बलों के समर्पित प्रयासों की प्रशंसा करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे मतदान को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बनाएं, क्योंकि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है।

लोकतंत्र की आधारशिला है मतदान

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मतदान को लोकतंत्र की आधारशिला बताया। सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर ने कहा कि सजग और जागरूक मतदाता से ही एक समृद्ध और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के अंत में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने राज्यपाल एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्टेट अवार्ड से सम्मानित अधिकारी

प्रतीक जैन – जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग
प्रशांत आर्य – जिलाधिकारी, उत्तरकाशी
मनीष कुमार – जिलाधिकारी, चम्पावत
आकांक्षा कोंडे – जिलाधिकारी, बागेश्वर
दीपक रामचंद्र – संयुक्त मजिस्ट्रेट, रुड़की
तुषार सैनी – उप जिलाधिकारी, खटीमा
प्रेम लाल – उप जिलाधिकारी, चकराता

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button