
देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून की सचिव एवं सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) सीमा डूंगरकोटी ने जानकारी देते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया में 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को “समाधान समारोह” के तहत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य लंबित मामलों का आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से समाधान करना है।
कई प्रकार के मामलों का होगा निपटारा
सीमा डूंगरकोटी ने बताया कि इस विशेष लोक अदालत में उच्चतम न्यायालय में लंबित विभिन्न श्रेणी के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इनमें फौजदारी मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, चेक बाउंस, बैंक ऋण एवं वसूली संबंधी प्रकरण, दीवानी और वैवाहिक विवाद, बीमा दावे, सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़े मामले, शैक्षणिक और सेवा संबंधी प्रकरण सहित अन्य वाद शामिल हैं।
20 अगस्त तक कराना होगा मामलों का सूचीबद्धीकरण
उन्होंने कहा कि जिन पक्षकारों के मामले सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं और जो अपने मामलों का त्वरित एवं शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं, उन्हें 20 अगस्त 2026 तक अपने मामलों को अनिवार्य रूप से सूचीबद्ध कराना होगा।
देहरादून के वादकारियों को भेजे जा रहे नोटिस
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा देहरादून जनपद से संबंधित सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के पक्षकारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। इसके तहत संबंधित पक्षों को प्राधिकरण कार्यालय में प्री-मीटिंग और सुलह वार्ता के लिए बुलाया जाएगा।
सफल वार्ता के बाद होगा निस्तारण
प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि यदि सुलह वार्ता सफल रहती है, तो संबंधित मामलों को विशेष लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर निस्तारित कराया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।
वादकारियों से संपर्क करने की अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी वादकारियों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के शीघ्र और सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए न्यायालय अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क करें।
अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0135-2520873 तथा ई-मेल dehradundlsa13@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।



