
रूद्रपुर। खेल महाकुम्भ-2025 के अंतर्गत 20 दिसंबर से जिले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तरीय संयोजकों को निर्देश दिए कि वे शीघ्र बैठक कर खेल मैदान चिन्हित करें और तिथिवार रोस्टर तैयार कर सभी व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करें। साथ ही, मुख्य चिकित्साधिकारी को भी निर्देशित किया गया कि वे खेल मैदानों में चिकित्सा सुविधाओं का प्रबंध करें।
खेल समितियों के निर्देश और आयोजन की पारदर्शिता
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी स्तर पर गठित खेल समितियों को खेलों का समयानुसार आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से खेल महाकुम्भ का प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चे विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें।
साथ ही, सभी खेल मैदानों में पर्याप्त तकनीकी स्टाफ और निर्णायकों की तैनाती कर पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी। बच्चों के लिए जलपान और अल्पाहार की व्यवस्था की जाएगी, जबकि जिला स्तर पर खिलाड़ीयों के लिए ताजा भोजन और पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
खेल महाकुम्भ-2025 का उद्देश्य
जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत ने बताया कि यह महाकुम्भ युवा कल्याण एवं प्रायोगिक विभाग के सहयोग से खेल और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में खेलों का वातावरण सृजित करना, युवाओं और दिव्यांगों को खेलों की ओर आकर्षित करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना और प्ले ग्राउंड संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इस महाकुम्भ के माध्यम से न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप के दौरान अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
प्रतिभागी वर्ग और प्रतियोगिताओं का विवरण
खिलाड़ियों का पंजीकरण उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासियों के लिए ही खुला है। प्रतियोगिता में अंडर-14 (11-14 वर्ष) और अंडर-19 (15-19 वर्ष) आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। दिव्यांग वर्ग के लिए ओपन प्रतियोगिता आयोजित होगी।
न्याय पंचायत स्तर पर चार खेल – कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट आयोजित होंगे। विधानसभा क्षेत्र विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी में छह खेल होंगे: कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, बॉलिवाल और पिट्टू। संसदीय क्षेत्र सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी में ग्यारह खेल आयोजित होंगे, जिनमें मलखम्ब, रस्सा कसी, कंचा, फुटवाल और बैडमिंटन भी शामिल हैं।
विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑफ़लाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से किया जा रहा है।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, खेल समन्वयक, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



