
नई दिल्ली. ऋषभ पंत ने तुरंत प्रभाव से लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ दी है. आईपीएल 2026 में टीम के बेहद खराब और निराशाजनक प्रदर्शन के बाद इस भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने यह बड़ा फैसला लिया है. फ्रेंचाइजी ने एक बयान जारी करते हुए खुद इसकी जानकारी दी. फ्रेंचाइजी ने बताया कि पंत ने खुद को कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त करने की गुजारिश की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया है. गौरतलब है कि आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में लखनऊ फ्रेंचाइजी ने पंत को इस लीग इतिहास का सबसे महंगा खिलाड़ी बनाते हुए 27 करोड़ रुपये देकर खरीदा था, जिसके बाद उनके टीम की कमान सौंपी गई. हालांकि, 2025 में भी एलएसजी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और 2026 में टीम ने सबसे आखिरी पायदान पर रहकर सीजन खत्म किया.
एलएसजी ने जारी किया बयान
लखनऊ सुपर जायंट्स फ्रेंचजी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक ऑफिशियल बयान जारी कर कहा, ‘लखनऊ सुपर जायंट्स यह जानकारी देना चाहता है कि ऋषभ पंत ने खुद को कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त करने की गुजारिश की थी, और फ्रेंचाइजी ने उनकी इस बात को तुरंत मान लिया है.’
बयान में आगे कहा गया, ‘ऋषभ खुद इस रिक्वेस्ट के साथ हमारे पास आए थे और हमने उनकी बात का सम्मान किया. इस तरह के फैसले कभी आसान नहीं होते. कप्तान के तौर पर ऋषभ ने ड्रेसिंग रूम में जो योगदान दिया, उसके लिए हम उनके आभारी हैं. अब हमारा पूरा ध्यान पूरी टीम को फिर से मजबूत बनाने और बेहतर नतीजे हासिल करने पर है.’
उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे पंत
ऋषभ पंत न तो कप्तानी में और न बल्लेबाजी में खरे उतर सके. आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. उन्होंने इस सीजन के 14 मैचों में लगभग 33 के औसत और 146 के स्ट्राइक रेट से कुल 312 रन बनाए. सीजन की शुरुआत में उन्होंने ओपनिंग भी की, लेकिन यह प्रयोग कारगर साबित नहीं हुआ. इसके बाद वह नंबर-3 पर खेलने आए और सीजन खत्म होते-होते उनका बैटिंग ऑर्डर और नीचे कर दिया गया. हालांकि, साल 2025 के मुकाबले इस बार उनका प्रदर्शन थोड़ा बेहतर था, क्योंकि पिछले साल वह केवल 269 रन ही बना पाए थे. 2025 में भी उनके आंकड़े और खराब होते, अगर उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में शतक न लगाया होता.
टॉम मूडी ने बदलाव के दिए थे संकेत
IPl 2026 में LSG के आखिरी मैच के बाद टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने कप्तानी में बदलाव के संकेत दिए थे. पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली 7 विकेट की हार के बाद मूडी ने कहा था कि बतौर कप्तान पंत के लिए यह सीजन काफी मुश्किलों भरा रहा और टीम के नतीजे भी यही बयां करते हैं. उन्होंने साफ किया कि टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और अब भविष्य को देखते हुए कप्तानी को लेकर नए सिरे से विचार करने की जरूरत है. इस टी20 टूर्नामेंट के दौरान कई बार पंत के बयानों से भी यह संकेत मिले कि टीम के सपोर्ट स्टाफ में कोच की संख्या जरूरत से ज्यादा है, जिससे ड्रेसिंग रूम के माहौल को लेकर भी कई तरह के सवाल उठे.
प्लेऑफ तक में नहीं पहुंच पाई लखनऊ
लखनऊ की टीम पिछले दो सीजन से प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही है. पंत की कप्तानी में पिछले सीजन लखनऊ 14 में से महज 6 ही मैच जीत सकी. 12 अंकों के साथ यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर रही. आईपीएल 2026 के लिए एलएसजी ने पंत को 27 करोड़ रुपए में रिटेन किया, लेकिन इस सीजन टीम का प्रदर्शन और भी ज्यादा खराब रहा. एलएसजी 14 में से 10 मैच गंवा बैठी. टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही.
कौन होगा अगला कप्तान?
पंत के कप्तानी छोड़ने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के पास टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं, जो कमान संभाल सकते हैं. एडेन मार्करम, जो इसी फ्रेंचाइजी की साउथ अफ्रीका लीग वाली टीम ‘डरबन सुपर जायंट्स’ के कप्तान हैं और साथ ही ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट में ‘मैनचेस्टर ओरिजिनल्स’ की कप्तानी भी करते हैं. इसके अलावा मिचेल मार्श इस समय ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम के कप्तान हैं, जबकि निकोलस पूरन अपनी कप्तानी में ‘एमआई न्यूयॉर्क’ को दो बार मेजर लीग क्रिकेट का खिताब जिता चुके हैं.

