उत्तराखंडराज्य

टनकपुर को रेलवे की बड़ी सौगात: नांदेड़ के लिए नई साप्ताहिक एक्सप्रेस, शाहजहांपुर तक बढ़ेगी सवारी ट्रेन

टनकपुर/गोरखपुर। उत्तराखंड के टनकपुर को सोमवार (6 जुलाई) को रेलवे की ओर से दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलने जा रही हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टनकपुर–नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन के संचालन को शाहजहांपुर तक विस्तारित किए जाने का भी उद्घाटन किया जाएगा।

टनकपुर रेलवे स्टेशन पर होगा मुख्य समारोह

टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा विशेष उद्घाटन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

पीलीभीत में भी होगा विशेष कार्यक्रम

पीलीभीत जंक्शन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तारित संचालन का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, सांसद मिथिलेश कुमार, सांसद अरुण कुमार सागर तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता भी मौजूद रहेंगे।

लंबे समय से की जा रही थी सीधी ट्रेन की मांग

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कुमाऊं क्षेत्र के लोगों और सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से टनकपुर से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग थी। यात्रियों की इस मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने टनकपुर–हजूर साहिब नांदेड़–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस को मंजूरी दी है। इसके अलावा टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन का संचालन शाहजहांपुर तक बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है।

यात्रियों के साथ व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे का मानना है कि नई रेल सेवाओं से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही कुमाऊं क्षेत्र के कृषि एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

वरिष्ठ रेलवे अधिकारी रहेंगे मौजूद

उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button