क्या E20 पेट्रोल डालने से कार का इंश्योरेंस खत्म हो जाएगा? सरकार ने दिया बड़ा बयान

भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री इन दिनों कई बदलावों से गुजर रही है. कुछ वक्त पहले तक सरकार का जोर इलेक्ट्रिक कारों को बढ़ावा देने पर था. हाल में ये जोर इथेनॉल ब्लेंडिंग पर शिफ्ट हो गया है. अब देश भर में E20 फ्यूल मिल रहा है और अभी लोग E20 को पूरी तरह समझ भी नहीं पाए थे कि E85 और E100 तक की एंट्री हो गई.
सरकार क्रूड ऑयल पर देश की निर्भरता कम करने पर काम कर रही है और इसके लिए इथेनॉल के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है. देश में अब E20 पेट्रोल और गाड़ियां दोनों ही मौजूद हैं, लेकिन एक चुनौती 2023 से पहले की कारों को लेकर है, जो E20 (कुछ को छोड़कर) के लिए नहीं बनी थी.
हाल में सोशल मीडिया पर एक बहस छिड़ गई है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि इंश्योरेंस कंपनियां E20 फ्यूल का इस्तेमाल करने पर (अगर गाड़ी E20 कंप्लायंस नहीं है) क्लेम को रिजेक्ट कर सकती हैं. हालांकि, सरकार ने इस तरह के दावों को गलत बताया है.
क्या है सरकार का कहना?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पीआईबी ने एक पोस्ट कर इस तरह के दावों का खंडन किया है. प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो ने बताया है, ‘मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी E20 फ्यूल इस्तेमाल करने पर भी वैध रहेगी.’ सरकार ने इस तरह के दावों को आधिकारिक स्रोत से कन्फर्म करने के लिए कहा है.
इन बातों को बल आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस का नाम आने पर मिला था. दावा किया जा रहा था कि अगर गाड़ी में E20 फ्यूल की वजह से कोई नुकसान होता है, तो आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस आपका क्लेम रिजेक्ट कर देगी. हालांकि, कंपनी ने इस पूरे मामले में आधिकारिक सफाई दी है.
ICICI ने भी जारी की सफाई
कंपनी ने बताया कि आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस इस बात का आश्वासन देता है कि मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी ई20 फ्यूल इस्तेमाल करने पर भी पूरी तरह से वैध रहेगी. हम फिर से साफ करते हैं कि पुरानी गाड़ियों में ई20 फ्यूल के इस्तेमाल को लापरवाही नहीं मानते हैं और E20 फ्यूल प्रोग्राम पर्यावरण के लिए एक फ्रेंडली स्टेप है.
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस का ये स्पष्टीकरण इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत में इस वक्त ई20 फ्यूल का इस्तेमाल हर जगह हो रहा है. लोगों में इस पेट्रोल को लेकर कई तरह की चिंताएं हैं. किसी को माइलेज कम होने की, तो किसी को ई20 फ्यूल से होने वाले नुकसान की चिंता है. ऐसे में इंश्योरेंस क्लेम का रिजेक्ट होना लोगों के लिए बड़ा झटका हो सकता था.
आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस ने साफ किया है कि कोई भी इंश्योरेंस क्लेम चोरी या एक्सीडेंट जैसे टॉपिक पर स्वीकार या अस्वीकार किया जाता है. गाड़ियों में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी कौन-सा फ्यूल पड़ता है इस आधार पर क्लेम नहीं किया जाता है. इसलिए ई20 पेट्रोल होने की वजह से किसी क्लेम को रिजेक्ट नहीं किया जाएगा.


