
हल्द्वानी में पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने एडीबी पोषित निर्माणाधीन 132 केवी उपकेंद्र धौला खेड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र से जुड़े विभिन्न तकनीकी और निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
तकनीकी एवं निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा
निरीक्षण के दौरान 132 केवी नियंत्रण कक्ष, 33 केवी नियंत्रण कक्ष, केबल बिछाने के कार्य तथा भवन निर्माण की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रबंध निदेशक ने कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
फरवरी 2026 तक ऊर्जीकृत करने के निर्देश
पी.सी. ध्यानी ने साइट पर मौजूद पिटकुल के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के कार्मिकों को निर्देश दिए कि उपकेंद्र को फरवरी 2026 के अंतिम सप्ताह तक हर हाल में ऊर्जीकृत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।
24×7 कार्य प्रणाली के तहत तेज गति से कार्य के आदेश
प्रबंध निदेशक ने राउंड द क्लॉक यानी 24×7 कार्य प्रणाली के तहत पूर्ण क्षमता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह उपकेंद्र क्षेत्रीय और राज्य स्तरीय विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय पर परियोजना के पूर्ण होने से ऊर्जा अवसंरचना को मजबूती मिलेगी।
उपभोक्ताओं और उद्योगों को मिलेगा लाभ
उपकेंद्र के निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद धौला खेड़ा क्षेत्र के घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों को उच्च गुणवत्ता की निर्बाध और सतत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।
निरीक्षण में वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता पंकज कुमार, अधीक्षण अभियंता एल.एम. बिष्ट, संदीप कौशिक, राकेश, पंकज कुमार, अधिशासी अभियंता सहित पिटकुल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।



