उत्तराखंडराज्य

नैनीताल में विकास को नई रफ्तार: मुख्यमंत्री धामी ने 121 करोड़ से अधिक की योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

नैनीताल में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिले को बड़ी विकास सौगात देते हुए कुल 121 करोड़ 52 लाख 46 हजार रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित 13 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर 42 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बहुप्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग परियोजना का भूमि पूजन भी किया गया।

दो योजनाओं का लोकार्पण, 11 विकास कार्यों का शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 30 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई दो योजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 90 करोड़ 86 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 11 नई योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटन, यातायात, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाना है।

सूखाताल झील बनी प्रमुख आकर्षण

लोकार्पित योजनाओं में 29 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से विकसित सूखाताल झील प्रमुख रही। इस झील को रिचार्जिंग जोन और टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया है। परियोजना के अंतर्गत झील का संवर्धन एवं सौंदर्यीकरण, दो नई झीलों का निर्माण और उनके बीच डक्ट, जल शुद्धता के लिए एयरेशन प्लांट, नौ दुकानों का निर्माण, शौचालय ब्लॉक, मुख्य मार्ग से लिफ्ट व ट्रांजिट भवन तथा झील के चारों ओर पैदल पथ का निर्माण किया गया है, जिससे पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

शिक्षा क्षेत्र को भी मिला संबल

इसके साथ ही हल्द्वानी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कालाढूंगी रोड में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय के संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं पुनरुद्धार कार्य का भी लोकार्पण किया गया, जिससे छात्राओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

पार्किंग और सड़क सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

शिलान्यास की गई योजनाओं में बेतालघाट विकासखंड के दूनीखाल से रातीघाट पाडली मोटर मार्ग पर 9 करोड़ 63 लाख 9 हजार रुपये की लागत से प्री-स्ट्रेस मोटर पुल का निर्माण शामिल है। वहीं नैनीताल जिला मुख्यालय में 34 करोड़ 3 लाख 13 हजार रुपये की लागत से ऑटोमेटेड मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी, जिसमें 202 चारपहिया और 96 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी।

रामनगर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास कार्य

रामनगर में पुरानी तहसील की भूमि पर 38 करोड़ 57 लाख 64 हजार रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। जिला खनन न्यास निधि के अंतर्गत शंकरपुर और जोगीपुरा गांवों में पेयजल नलकूपों के लिए सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर की स्थापना की जाएगी।

सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाएं

अन्य शिलान्यास कार्यों में बेतालघाट के ग्राम अमेल में लिफ्ट सिंचाई योजना, हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों में विद्यालयों की मरम्मत और निर्माण, कालाढूंगी में सड़क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उपकेंद्र, साथ ही गोला नदी के दानीजाला क्षेत्र में रिवर क्रॉसिंग केबल निर्माण कार्य शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button