अंतर्राष्ट्रीय

नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने इस्तीफा दिया, कहा- “मेरे लिए नैतिकता किसी भी पद से ज़्यादा मायने रखती है”

नेपाल की नई-नवेली बालेन शाह सरकार के गृहमंत्री सुदन गुरुंग 1 महीना भी पूरा नहीं कर पाए और उन्होंने आज (बुधवार को) अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सुदन गुरुंग ने नैतिक जिम्मेदारी और अपनी संपत्तियों को लेकर उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष जांच की जरूरत का हवाला दिया और पद से त्यागपत्र दे दिया। अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए एक फेसबुक पोस्ट में, सुदन गुरुंग ने कहा कि उन्होंने सार्वजनिक आलोचना गंभीरता से ली और पब्लिक लाइफ में नैतिक मानकों को बनाए रखने के लिए पद छोड़ने का ऑप्शन चुना।

गृहमंत्री ने गंभीरता से ली जनता की आलोचना

सुदन गुरुंग ने बताया, ‘मैं, सुदन गुरुंग, चैत्र 13, 2082 यानी 26 मार्च, 2026 से गृहमंत्री के रूप में अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन कर रहा हूं। हाल ही में, मैंने अपने शेयरों और उनसे जुड़े मामलों के बारे में नागरिकों की ओर से उठाए गए सवालों, टिप्पणियों और सार्वजनिक चिंताओं को बहुत गंभीरता से लिया है।’

नैतिकता किसी भी पद से ज्यादा अहम- गुरुंग

ईमानदारी के महत्व पर जोर देते हुए सुदन गुरुंग ने कहा कि पद संभालने से पहले जनता का भरोसा सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए नैतिकता किसी भी पद से ज्यादा अहम है, और पब्लिक के विश्वास से बढ़कर कोई ताकत नहीं है। आज का Gen Z आंदोलन, जो सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की डिमांड करता है, यही मैसेज देता है: सार्वजनिक जीवन स्वच्छ होना चाहिए और लीडरशिप जवाबदेह होनी चाहिए।’

गुरुंग ने जवाबदेही को बताया जरूरी

सुदन गुरुंग ने व्यापक सियासी संदर्भ और देश के अतीत में किए गए बलिदानों का भी जिक्र किया और कहा कि जब प्रश्न उठते हैं तो जवाबदेही जरूरी है। गुरुंग ने कहा, ‘जब मेरे 46 भाई-बहनों के खून और बलिदान पर बनी सरकार के खिलाफ प्रश्न उठते हैं, तो एकमात्र जवाब नैतिकता ही है।’

हाल में हटाए गए थे मंत्री दीपक कुमार साह

इससे पहले, बीते 9 अप्रैल को नेपाली PM बालेन शाह ने अपने पार्टी की सिफारिश पर अनुशासनहीनता के आरोप में श्रम, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा मंत्री दीपक कुमार साह को पद से हटा दिया था। प्रधानमंत्री सचिवालय ने कहा कि दीपक को पार्टी की तरफ से आचार संहिता और अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में हटाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button