उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री धामी ने सेवारत तीन कार्मिकों की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में उपनल के माध्यम से सेवारत तीन कार्मिकों की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए।

दुर्घटना में मृतकों में विद्युत वितरण खंड जसपुर के बृजेश कुमार (जनवरी 2025), ब्रिडकुल देहरादून के तसलीम (नवंबर 2024) तथा विद्युत वितरण खंड हरिद्वार के संजीव कुमार (फरवरी 2025) शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सहायता राशि भले ही जीवन की क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन कठिन समय में परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि संकट की स्थिति में उनके परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने बताया कि कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज योजना के तहत राज्य सरकार और बैंकों के बीच हुए एमओयू के माध्यम से सरकारी, अर्द्धसरकारी व उपनल कर्मचारियों को बीमा और अन्य लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक का इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों में अनेक नवाचार और कल्याणकारी निर्णय ले रही है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव दीपेन्द्र चौधरी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, मेजर जनरल (से.नि.) शम्मी सबरवाल, एमडी उपनल जे.एन.एस. बिष्ट, पंजाब नेशनल बैंक के जोनल हेड अनुपम, डिप्टी जनरल मैनेजर अभिनंदन तथा एजीएम अजीत कुमार उपाध्याय आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button