उत्तराखंडराज्य

हरेला पर्व पर मुख्यमंत्री धामी ने किया पौधरोपण, औषधीय पौधों के संरक्षण पर दिया जोर

पौड़ी। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचे। यहां उन्होंने सघन पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय का भ्रमण कर वहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय पौधों, अनुसंधान कार्यों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।

जैव विविधता और आयुर्वेदिक विरासत को बताया राज्य की अमूल्य संपदा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हर्बल पर्यटन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे।

दुर्लभ जड़ी-बूटियों के संरक्षण का प्रमुख केंद्र बन रहा धन्वंतरि धाम

मुख्यमंत्री ने बताया कि मालाग्राम स्थित धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय में देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और आधुनिक वैज्ञानिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण संस्थान बनकर उभर रहा है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button