
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेन्द्र कुमार सागर ने जानकारी दी कि माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उधम सिंह नगर द्वारा जनपद स्तर पर “Mediation for the Nation Drive 2.0” के अंतर्गत एक विशेष मध्यस्थता अभियान चलाया जा रहा है।
मामलों की पहचान की अवधि
इस अभियान के अंतर्गत विवादित मामलों की पहचान 02 जनवरी, 2026 से 31 जनवरी, 2026 तक की जाएगी। इस अवधि में ऐसे लंबित व पूर्व-वाद (Pre-litigation) मामलों को चिन्हित किया जाएगा, जिनका समाधान दोनों पक्षों की सहमति से मध्यस्थता प्रक्रिया के माध्यम से किया जा सकता है।
किन मामलों का होगा निस्तारण
मध्यस्थता अभियान के अंतर्गत वैवाहिक विवाद, सड़क दुर्घटना से संबंधित दावा प्रकरण, घरेलू हिंसा, चेक अनादरण (चेक बाउंस), वाणिज्यिक विवाद, सेवा से जुड़े मामले, ऋण वसूली, उपभोक्ता विवाद, बेदखली, संपत्ति विभाजन, भूमि अर्जन सहित अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का समाधान मध्यस्थता द्वारा किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य और लाभ
इस पहल का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों के बढ़ते बोझ को कम करना, पक्षकारों को त्वरित, सुलभ और कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराना तथा वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को मजबूत बनाना है। इससे आम नागरिकों को न्यायिक प्रक्रिया में सरलता, पारदर्शिता और सुविधा प्राप्त होगी।



