
नई टिहरी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून के तत्वावधान में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार, नई टिहरी में ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी–जी राम जी अधिनियम)’ विषय पर मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य योजना के प्रावधानों और लाभों की जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के लिए रोजगार और आय सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्य अतिथि ने बताया कि अधिनियम रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ टिकाऊ ग्रामीण अवसंरचना के निर्माण पर भी विशेष ध्यान देता है। उन्होंने मीडिया और प्रतिभागियों से अपील की कि कार्यशाला में प्राप्त सुझावों और जमीनी समस्याओं को शासन एवं केंद्र सरकार तक पहुँचाने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी की ओर से दिशा निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन के क्रियान्वयन में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं को शासन स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि योजना का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक सुचारु रूप से पहुँचे।
उन्होंने मीडिया से अपील की कि योजना की सही और सकारात्मक जानकारी जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करें।
योजना के उद्देश्यों और लाभ
सहायक निदेशक पीआईबी संजीव सुंद्रियाल ने योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया:
-
योजना का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और परिवारों की आय सुरक्षा को मजबूत करना।
-
प्रति ग्रामीण परिवार रोजगार गारंटी को 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन किया गया।
-
इससे आय सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम ने बताया कि यह योजना अकुशल श्रमिकों को रोजगार की कानूनी गारंटी प्रदान करती है। रोजगार मांगने पर 15 दिनों के भीतर कार्य उपलब्ध कराना अनिवार्य है, अन्यथा बेरोजगारी भत्ता देय होगा। योजना में समान कार्य के लिए समान मजदूरी, महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी, तथा मजदूरी मद का 100 प्रतिशत व्यय केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाता है।
अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई अविनाश सैनी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ पत्रकार देवेन्द्र दुमोगा ने किया।
उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, सहायक निदेशक संजिव सुंद्रियाल, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, अधिशासी अभियंता अविनाश सैनी, न्यू टिहरी प्रेस क्लब अध्यक्ष अनुराग उनियाल, महामंत्री विजय गुसांई, विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान बलवंत रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



