
जनपद रुद्रप्रयाग के चंद्रापुरी क्षेत्र अंतर्गत गबनीगांव में केदारनाथ हाईवे से कुछ ही दूरी पर स्थित एक जनरल स्टोर और उससे सटा होटल भीषण आग की चपेट में आ गया। यह घटना देर रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है, जिसमें दोनों प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर राख हो गए।
आग की चपेट में आए वाहन, मचा हड़कंप
आग इतनी तेजी से फैली कि प्रतिष्ठान के बाहर खड़े दो वाहन भी इसकी चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आसपास घनी आबादी वाला रिहायशी क्षेत्र होने के कारण आग के और फैलने की आशंका बनी हुई थी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर सर्विस और पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही फायर सर्विस रुद्रप्रयाग और थाना अगस्त्यमुनि की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। हालात को देखते हुए तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
कई घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान रिन्यू जल ऊर्जा कुंड के कर्मचारियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपने निजी वाहनों से लगातार पानी की आपूर्ति कर आग बुझाने में सहयोग किया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है, लेकिन जनरल स्टोर, होटल और दो वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
करोड़ों की आर्थिक क्षति का अनुमान
प्रशासन के अनुसार इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये तक की आर्थिक क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। जले हुए प्रतिष्ठानों में रखा सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है।
प्रशासन कर रहा नुकसान का आकलन
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।



