
देहरादून। उत्तराखंड भाजपा ने कांग्रेस को राजनीतिक झटका देते हुए रुद्रपुर की कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर समेत कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।
कई कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने ली भाजपा की सदस्यता
भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजू सोनकर, क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक राणा, पूर्व प्रधान रूप सिंह राणा और पूर्व सैनिक प्रवेश सिंह राणा शामिल हैं।
सभी नेताओं ने भाजपा की नीतियों और विचारधारा में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा के प्रति बढ़ रहा समाज के हर वर्ग का विश्वास: महेंद्र भट्ट
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी के प्रति समाज के हर वर्ग, विशेषकर मातृशक्ति का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भाजपा से जुड़ रहे हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि नए सदस्यों के पार्टी में शामिल होने से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल, विनय रूहेला, आदित्य चौहान, जगमोहन रावत, राजेंद्र सिंह नेगी सहित संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।



