
रुद्रपुर के वार्ड नंबर-1 स्थित राम विहार कॉलोनी, शिमला बहादुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के नवीनतम संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। समाजसेवी मुकेश गुप्ता के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं रुद्रपुर के पूर्व मेयर तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति उत्तराखंड के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) रामपाल सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने वर्षा जल संचय को जन आंदोलन बनाने का किया आह्वान
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘कैच द रेन – जहाँ बारिश, वहीं संचय’ अभियान का उल्लेख करते हुए देशवासियों से वर्षा जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी की हर बूंद भविष्य के लिए बहुमूल्य संपत्ति है और आज के समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। यदि हर नागरिक अपने घर और आसपास वर्षा जल संचय की व्यवस्था अपनाए तो भविष्य में जल संकट की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी पर दिया विशेष जोर
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्थानीय उत्पादों के उपयोग, नवाचार, युवा शक्ति की भूमिका और विकसित भारत के निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान करते हुए जल संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
रामपाल सिंह बोले- ‘मन की बात’ समाज को नई दिशा देने वाला मंच
कार्यक्रम के दौरान बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) रामपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को सकारात्मक सोच और जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करने वाला प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जनभागीदारी जैसे विषयों पर दिए गए संदेशों को हर व्यक्ति तक पहुंचाना समय की जरूरत है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में वर्षा जल संचय की व्यवस्था विकसित करने और जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।
अनिल चौहान ने ‘कैच द रेन’ अभियान को बताया जनभागीदारी का मिशन
किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षत्रिय महासभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘कैच द रेन’ अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय अभियान है। यदि प्रत्येक नागरिक जल संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सभी से प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
प्रतिभागियों ने जल संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जनहितकारी बताते हुए उन्हें अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षत्रिय महासभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, प्रेमपाल गंगवार, कृष्णपाल गंगवार, बॉबी गंगवार, समाजसेवी मुकेश गुप्ता, भूतपूर्व सैनिक लेखराज सिंह, सुरेंद्र गंगवार, संतोष चौहान, बलराम माझी, श्रीमती शुम्पी गुप्ता सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



