उत्तराखंडराज्य

खराब मौसम के कारण केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

रुद्रप्रयाग जिले में लगातार खराब हो रहे मौसम को देखते हुए केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा जिले में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। क्षेत्र में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू कर दी गई हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

पैदल मार्ग पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया

प्रशासन ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर आगे बढ़ रहे श्रद्धालुओं को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग पॉइंट्स और सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक किसी भी यात्री को केदारनाथ धाम की ओर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

राहत एवं बचाव एजेंसियां हाई अलर्ट पर

संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्थानीय पुलिस, डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने तथा मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क

यदि यात्रा के दौरान भूस्खलन, मार्ग अवरुद्ध होने, मौसम संबंधी समस्या या किसी अन्य आपात स्थिति का सामना करना पड़े तो यात्री जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC): 8958757335, 8218326386

पुलिस सहायता हेल्पलाइन: 112

प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम में सुधार होते ही यात्रा को लेकर अगला निर्णय लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button