अंतर्राष्ट्रीय

शक्तिशाली भूकंप से कांपा जापान, तीव्रता 6.7 रही, सुनामी की चेतावनी जारी

जापान में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। स्थानीय समयानुसार रविवार शाम को उत्तरी जापान के तटवर्ती इलाके में यह तीव्र भूकंप दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि इस भूकंप से इवाते प्रांत में व्यापक तबाही हो सकती है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.7 बताई गई है। यह घटना स्थानीय समय के मुताबिक शाम 5:03 बजे घटी। अभी तक भूकंप से हुए नुकसान की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उधर, एजेंसी ने इवाते प्रांत के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यहां एक मीटर ऊंची सुनामी लहरें पहुंच सकती हैं।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, इवाते के तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की गई है, जिसमें कहा गया है कि लहरें कभी भी आ सकती हैं। इसी बीच, एनएचके ने बताया कि तट पर सुनामी की लहरें नजर आ रही हैं और लोगों से तटीय इलाकों के आसपास न घूमने की अपील की गई है। अलर्ट जारी होने के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।

बता दें कि यह यह इलाका अभी भी 2011 के विनाशकारी समुद्री भूकंप से प्रभावित है, जिसकी तीव्रता 9.0 थी और जिसके परिणामस्वरूप आई सुनामी ने करीब 18500 लोगों की जान ले ली थी। इसी त्रासदी ने फुकुशिमा परमाणु संयंत्र के तीन रिएक्टरों को पिघलने पर मजबूर कर दिया, जो जापान में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की सबसे भयानक आपदा थी और चेरनोबिल के बाद दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु दुर्घटना साबित हुई।

गौरतलब है कि जापान प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ के पश्चिमी छोर पर स्थित है, जहां चार प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटें आपस में टकराती हैं, जिससे यह दुनिया के सबसे भूकंपीय सक्रिय देशों में शुमार है। इस द्वीपसमूह देश में हर साल औसतन 1500 भूकंप आते हैं, जिनमें ज्यादातर हल्के होते हैं, लेकिन जगह और गहराई के आधार पर नुकसान अलग-अलग हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button