उत्तर प्रदेशराज्य

50000 का इनामी, 44 केस और गो तस्करी… कौन था आजमगढ़ का बदमाश वाकिफ, STF ने एनकाउंटर में किया ढेर

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस और 50 हज़ार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से बदमाश वाकिफ गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसके बाद उसे इलाज के लिए सीएचसी हरैया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जबकि इसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फ़रार हो गए.

यूपी एसटीएफ, आजमगढ़ पुलिस की स्वात टीम एवं थाना सिधारी की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी बदमाश मारा गया. ख़बर के मुताबिक थाना सिधारी क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना के बाद स्वात टीम एवं थाना सिधारी पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमणशील थीं, इसी दौरान एसटीएफ से सूचना मिली कि कुछ बदमाश घटना को अंजाम देने के लिए थाना रौनापार क्षेत्र की ओर जा रहे हैं.

पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली

इस जानकारी पर एसटीएफ, स्वात टीम एवं थाना सिधारी पुलिस द्वारा थाना रौनापार क्षेत्र के जोकहरा पुल के पास घेराबंदी की गई. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने अपने आप को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गई.

इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि तीन अन्य बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. घायल बदमाश को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी हरैया भेजा गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया. जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया.

बदमाश पर 44 से ज्यादा मुकदमे थे दर्ज

मुठभेड़ में मारा गया बदमाश वाकिफ आजमगढ़ का रहने वाला बताया जा रहा है. उस पर पुलिस द्वारा  50 हज़ार का इनाम घोषित है. ये बदमाश सक्रिय अपराधी गिरोह का सदस्य रहा है. इसके विरुद्ध जनपद आजमगढ़ समेत दूसरे जिलों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, अवैध गो-तस्करी समेत अन्य गंभीर अपराधों के 44 आपराधिक मुकदमें पंजीकृत हैं.

मुठभेड़ स्थल से खोखे, कारतूस एवं अन्य आपराधिक साक्ष्य बरामद किये गये हैं. इएसपी सिटी ने बताया कि थाना रौनापार पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. वहीं फरार बदमाशों की तलाश हेतु पुलिस टीमों द्वारा कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button