उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में 1 और 2 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर तेज़ी पकड़ने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 1 और 2 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के प्रशासन और संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी तेज़ बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।

पर्वतीय इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, तेज़ बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

2 जुलाई को भी मौसम रहेगा खराब

मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

प्रशासन ने सभी विभागों को किया अलर्ट

संभावित प्राकृतिक आपदा को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने, सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल मार्ग बहाल करने तथा सभी संबंधित विभागों को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

साथ ही अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन और अन्य संचार माध्यम हर समय चालू रखने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

ट्रैकिंग, स्कूल और शहरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान

प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की स्थिति को देखते हुए ट्रैकिंग गतिविधियों को आवश्यकतानुसार सीमित या प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नगर क्षेत्रों में जल निकासी के लिए नालियों और कल्वर्टों की समय पर सफाई कराने तथा आवश्यक खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। अनावश्यक यात्रा से बचें और खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button