खेलमनोरंजन

सुबह-सुबह धोनी के फैन्स को बड़ा झटका, हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने IPL खेलने पर दे दिया बड़ा बयान

चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम आईपीएल 2028 के अपने आठवें मैच में हार गई. उसे रविवार (26 अप्रैल) को होमग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. इस मैच में भी टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर नहीं उतरे. आईपीएल के शुरू हुए करीब 1 महीने हो गए और टीम के 8 मैच भी समाप्त हो गए, लेकिन धोनी के दर्शन अब तक उनके फैंस को ग्राउंड पर नहीं हुए हैं.

गुजरात के खिलाफ मैच के बाद मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने धोनी की फिटनेस पर बड़ा खुलासा किया. उन्होंने बताया कि धोनी की मैदान पर वापसी में और देरी हो गई है क्योंकि उनकी पिंडली (calf) की चोट फिर से उभर आई है. धोनी को शुरुआत में पिंडली की चोट के कारण चल रहे आईपीएल के केवल पहले दो हफ्तों के लिए बाहर किया गया था.

वॉर्म-अप मैच में क्या हुआ था?

सीजन में पांचवीं हार के बाद मीडिया से बात करते हुए फ्लेमिंग ने पुष्टि की कि धोनी ने एक वॉर्म-अप गेम के दौरान अपनी पिंडली को फिर से चोटिल कर लिया था. कोच ने उनकी बहुप्रतीक्षित वापसी पर कहा, ”वह खेलने के लिए काफी उत्सुक हैं. हालांकि पिंडली की चोट काफी कठिन होती है, अगर वह दौड़ते समय इसे फिर से फाड़ देते हैं, तो वह पूरे सीजन के लिए बाहर हो जाएंगे.” उन्होंने आगे बताया कि हमने जल्दबाजी की कोशिश की और वॉर्म-अप मैच में यह दोबारा खिंच गई, जिससे वापसी में उम्मीद से ज्यादा समय लग रहा है.

नेट प्रैक्टिस में कैसी है माही की तैयारी?

धोनी को नियमित रूप से नेट्स में बल्लेबाजी करते देखा गया है, जहां वह मुख्य रूप से थ्रोडाउन का सामना कर रहे हैं. उनकी भागीदारी को लेकर सवाल पिछले कुछ मैचों से सुर्खियों में बने हुए हैं. शनिवार (25 अप्रैल) को उन्हें नेट्स में बल्लेबाजी करने से पहले फिजियो के साथ दौड़ते हुए भी देखा गया. उन्होंने स्पिनरों और बल्लेबाजी कोच माइकल हसी के थ्रोडाउन का सामना किया.

क्या फिजियो की सलाह का है इंतजार?

फ्लेमिंग ने रविवार को आगे कहा, ”वह इस मामले में खुद गाइड की भूमिका में हैं और फिजियो के साथ रिहैबिलिटेशन पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं. हम बस उनके अंतिम संकेत का इंतजार कर रहे हैं” कोच ने प्रशंसकों से आग्रह किया कि वे इसे हल्के में न लें क्योंकि धोनी रिकवरी में प्रगति कर रहे हैं और वापसी के लिए अपनी तरफ से हर संभव कोशिश कर रहे हैं. टीम अब 2 मई को अपने घरेलू मैदान (चेपॉक) पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ उतरेगी. उस मैच में धोनी खेल सकते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button