उत्तर प्रदेशराज्य

हमीरपुर: प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या, सदमे में लड़की ने काटी अपनी गर्दन

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के परछछ गांव में बुधवार शाम प्रेम प्रसंग मामले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शादी का विरोध करने पहुंचे प्रेमी को प्रेमिका के परिजनों ने रस्सी से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। वहीं, प्रेमी की हत्या की खबर सुनते ही प्रेमिका ने चाकू से गले और हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने कोशिश की, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

चचेरी बहन से करता था प्रेम

दरअसल, बांदा जनपद के पैलानी कस्बे का रहने वाला रवि परछछ गांव की रहने वाली अपनी चचेरी बहन मनीषा से प्रेम करता था। जब रवि को पता चला कि मनीषा की शादी किसी और के साथ तय कर दी गई है, तो वह बुधवार को परछछ गांव पहुंच गया और सीधे मनीषा के कमरे में जा पहुंचा।

इसी दौरान मनीषा के चाचा पिंटू ने रवि को देख लिया और उसे पकड़ कर घसीटते हुए कमरे से बाहर लाया और सभी लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब रवि ने अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, तो इस दौरान सड़क के किनारे बनी खाई में गिर गया। फिर परिजनों ने उसे पकड़कर रस्सी से कल्टीवेटर में बांध दिया और डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान सिर पर डंडा लगने से रवि की मौके पर ही मौत हो गई। रवि के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान थे।

लड़की ने की आत्महत्या की कोशिश

रवि की मौत की जानकारी मिलने पर मनीषा ने चाकू से गले और हाथ की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया है। घटना से पहले रवि का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने कहा, “बुधवार को वह परछछ गांव जाएगा और देखेगा कि उसकी प्रेमिका की शादी किसी और से कैसे की जाती है।”

मृतक के पिता कालेदीन की तहरीर पर पुलिस ने मुकेश, पुत्तन, बल्ली, काली और सूबेदार उर्फ मुन्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जून में भी लड़की की शादी तय हुई थी, तब भी रवि अपनी प्रेमिका को भगा ले गया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया था और लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया था। तभी से रवि मौका देख रहा था कि फिर कब अपनी प्रेमिका को भगा ले जाए, जब उसे उसकी शादी की बात फिर पता चली तो उसने उसके गांव आने की बात मन में ठान ली, लेकिन उसे नहीं पता था कि यह उसकी आखिरी मुलाकात होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button