
टिहरी गढ़वाल के गजा स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में बुधवार को “गजा घंटाकर्ण महोत्सव-2026” के दूसरे संस्करण का भव्य शुभारम्भ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने प्राचीन घंटाकर्ण महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही राज्य आंदोलनकारी शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक बनेगा रोपवे
मुख्यमंत्री ने गजा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने घंटाकर्ण महादेव मंदिर तक रोपवे निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
इसके साथ ही नगर पंचायत गजा क्षेत्र में आंतरिक मार्गों के निर्माण, गजा मैदान के विस्तारीकरण और मंच निर्माण की भी घोषणा की गई।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में मिली नई सौगात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद विक्रम सिंह नेगी राजकीय पॉलिटेक्निक गजा में फार्मेसी विषय शुरू करने की स्वीकृति प्रदान की। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिंगटाली और पजै गांव को इंटर कॉलेज स्तर तक उच्चीकृत करने की घोषणा की गई।
उन्होंने नरेंद्रनगर महाविद्यालय को पीजी स्तर तक विकसित करने का भी ऐलान किया। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए चाका महिला अस्पताल को पीएचसी में परिवर्तित कर उच्चीकृत करने की घोषणा की गई।
पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए कोटेश्वर झील के विकास और डांडाचली में इको पार्क निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा पावकी देवी और चमराड़ा देवी मंदिरों के सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जाएंगे।
क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के लिए दंदेली, अंदरफीगांव, फलसारी, बिमाण गांव मोटर मार्ग तथा रणाकोट डांडा जमोला मोटर मार्ग को स्वीकृति दी गई।
गजा तहसील में खुलेंगे विभागीय कार्यालय
मुख्यमंत्री ने गजा तहसील में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान और जल निगम के तहसील स्तरीय कार्यालय स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हेंवल नदी में झील निर्माण और गजा बगीद में 33 केवी सब स्टेशन की स्थापना से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
लोक संस्कृति और परंपराओं का दिखा रंग
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गजा महोत्सव उत्तराखंड की लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। धार्मिक स्थलों के विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की सुंदर झलक पेश की। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



