उत्तराखंडराज्य

गौचर में राज्य स्तरीय किसान दिवस का भव्य आयोजन, किसानों के खातों में 65 करोड़ रुपये हस्तांतरित

गौचर, चमोली। किसानों के कल्याण और आर्थिक उत्थान के लिए राज्य स्तरीय किसान दिवस का भव्य आयोजन गौचर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत 88 हजार किसानों के खातों में 65 करोड़ 12 लाख रुपये की बीमा राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।

केंद्रीय मंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएँ

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड के लिए कई अहम घोषणाएँ कीं। इनमें मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपये की लागत से ‘क्लीन प्लांट सेंटर’ स्थापित करना, घेरबाड़ योजना के लिए 90 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट, और राज्य में कीवी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करना शामिल है।

साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत 309 बसावटों को जोड़ने के लिए 1228.2 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 1706.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

कृषि क्षेत्र में प्रगति और किसान संवाद

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ संवाद किया और विभिन्न विभागों, महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को ‘किसान भूषण पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। रिवर्स पलायन कर कृषि क्षेत्र में योगदान देने वाले किसानों और समूहों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को फल और सब्जी उत्पादन की वैश्विक राजधानी बनाने के लक्ष्य पर कार्य कर रही हैं। मुक्तेश्वर के क्लीन प्लांट सेंटर से कीवी, सेब, माल्टा और नींबू जैसी उच्च गुणवत्ता वाली फसलें उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री के उद्बोधन में नई पहल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और डिजिटल कृषि जैसी योजनाओं से लगभग 9 लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि किसानों को 3 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण, फार्म मशीनरी बैंक योजना में 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, निःशुल्क सिंचाई, पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान और गेहूं तथा गन्ने की कीमतों में बढ़ोतरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

साथ ही 1000 करोड़ रुपये की उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग परियोजना स्वीकृत की गई है। मंडुवा, कीवी और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों के लिए नई नीतियां लागू की गई हैं।

किसान दिवस को नियमित रूप देने की योजना

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान और जागरूकता हेतु प्रत्येक माह के द्वितीय बृहस्पतिवार को किसान दिवस आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थिति

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कृषि, बागवानी और संबद्ध क्षेत्रों में हो रहे बदलावों और किसानों के उत्थान के प्रयासों की झलक इस कार्यक्रम में दिखाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button