
रुद्रपुर जनपद में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य आयोजन मनोज सरकार स्टेडियम वेलोड्रोम में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में योग के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
योग से जुड़ने का संदेश और स्वस्थ जीवन की प्रेरणा
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा और दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने योगाभ्यास के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सभी को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि “करें योग, रहें निरोग” का संदेश आज और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है।

उन्होंने कहा कि योग का अर्थ ही जुड़ना है और भारत ने योग के माध्यम से विश्व को जोड़ने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को 175 से अधिक देशों में पहचान मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड योग की जननी है और योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक संतुलन भी प्रदान करता है। कई असाध्य रोगों में भी योग लाभकारी सिद्ध हो रहा है, इसलिए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
योग को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और योग को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से शरीर लचीला और मजबूत बनता है तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है।

उन्होंने आगे बताया कि योग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने में सहायक है। यह तनाव को कम करता है और रक्त संचार को भी बेहतर बनाता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विधायक रुद्रपुर शिव अरोरा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, सांसद प्रतिनिधि योगेश वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल और उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न योग आसनों और प्राणायाम का अभ्यास
आयुर्वेद विभाग के योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इनमें ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन, जानु चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशसकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन और शवासन शामिल रहे।
प्राणायाम में कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली और भ्रामरी का अभ्यास कराया गया, जिससे प्रतिभागियों ने मानसिक शांति और ऊर्जा का अनुभव किया।
बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी बीएस रावत, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार, नोडल अधिकारी डॉ. बीरेन्द्र सिंह रौतेला सहित अनेक अधिकारी, चिकित्सक, योग प्रशिक्षक, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



