
देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पथरियापीर, नीलकंठ विहार, इंदिरा कॉलोनी और चुक्कुवाला क्षेत्र में ₹13.90 करोड़ (₹1390.83 लाख) की लागत से बनने वाली सीवर लाइन योजना का शनिवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधिवत शिलान्यास किया। यह परियोजना नैशविला रोड क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों की मांग हुई पूरी
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से सीवर लाइन की मांग की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आज साकार किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के पूरा होने से स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। इस परियोजना से लगभग 13 हजार लोगों को सीधे लाभ प्राप्त होगा।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने क्षेत्रवासियों की मांग पर नीलकंठ विहार में ट्यूबवेल लगाने की घोषणा भी की। मंत्री ने कहा कि वह क्षेत्र में जनप्रतिनिधि के साथ-साथ परिवार के सदस्य की तरह आते हैं और उसी भावना के साथ सेवा करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और डबल इंजन सरकार जिन योजनाओं का शिलान्यास करती है, उनका लोकार्पण भी सुनिश्चित करती है।
भाजपा में बड़ी संख्या में नए सदस्यों का प्रवेश
कार्यक्रम के दौरान राजपुर क्षेत्र से पार्षद महिमा पुंडीर और पूर्व प्रधान समीर पुंडीर के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कैबिनेट मंत्री ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा में स्वागत किया।
उपस्थित गणमान्य अधिकारी और क्षेत्रवासी
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, भावना चौधरी, अंकित जोशी, डॉ. बबीता सहौत्रा, सुरेंद्र राणा, राजकुमार राजोरिया, पार्षद भूपेंद्र कठेत, दीपक कुमार, सतेंद्र नाथ, संजय नौटियाल सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



