अंतर्राष्ट्रीय

नेपाल: लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में लगी आग, सभी 278 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

नेपाल की राजधानी काठमांडु में सोमवार (11 मई) सुबह बड़ा विमान हादसा टल गया। काठमांडू के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तुर्की एयरलाइन के एक विमान की लैंडिंग के दौरान उसके टायर में अचानक से आग लग गई। इस घटना से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। जिस वक्त ये घटना हुई, उस समय फ्लाइट के अंदर क्रू मेंबर्स समेत 289 लोग सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। सभी यात्रियों तथा क्रू सदस्यों को प्लेन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट TK 726 शामिल थी, जो इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी। लैंडिंग के दौरान विमान के टायर में आग लगने के बाद इमरजेंसी टीमों ने तुरंत कार्रवाई की। एयरपोर्ट सुरक्षा के SP राजकुमार सिलावल ने ANI को फोन पर बताया, “टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK 726 इस्तांबुल से काठमांडू आ रही थी। लैंडिंग के दौरान इसके टायर में आग लग गई थी। फायर इंजन का इस्तेमाल करके आग पर काबू पा लिया गया है। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।”

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय विमान में 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर्स सवार थे। अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की है कि इस फ्लाइट से यात्रा कर रहे यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कई प्रतिनिधि भी शामिल थे। इमरजेंसी कर्मियों द्वारा विमान को सुरक्षित किए जाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने तक एयरपोर्ट के संचालन पर कुछ समय के लिए निगरानी रखी गई। अब तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

टायर में आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है। एयरलाइन अधिकारियों द्वारा इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है। न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, एयरपोर्ट सुरक्षा और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों ने स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए तेजी से कार्रवाई की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में तुर्की विमान के दाहिने लैंडिंग गियर में आग लगी हुई दिख रही है।

आग लगने के बाद विमान से धुएं का एक घना बादल उठ रहा है। विमान में सवार यात्रियों को इमरजेंसी गेट के जरिए बाहर निकाला गया। इस घटना को लेकर एयरपोर्ट या एयरलाइन कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के पीछे की वजह का पता अभी तक नहीं चल पाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button