
नई दिल्ली: फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। इस जीत में किलियन एमबाप्पे ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे जबकि ब्रैडली बारकोला ने भी एक गोल किया। इसके साथ ही फ्रांस ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार शानदार जीत का सिलसिला भी जारी रखा। वर्ल्ड कप के इतिहास में फ्रांस पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने लगातार पांच मैचों में कम से कम तीन-तीन गोल किए हैं।
वर्ल्ड कप में हुए 18 गोल
एमबाप्पे ने इस मुकाबले में दो गोल कर वर्ल्ड कप में अपने कुल गोलों की संख्या 18 पहुंचा दी। इसके साथ ही वह वर्ल्ड कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोजे को पीछे छोड़ दिया है और अब उनसे आगे केवल लियोनेल मेसी हैं, जिनके नाम 19 गोल दर्ज हैं।
एम्बाप्पे का तगड़ा प्रदर्शन
फ्रांस ने पहले हाफ में कई मौके बनाए, लेकिन स्वीडन की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण गोल नहीं कर पा रहा था। आखिरकार एमबाप्पे ने शानदार फुटवर्क दिखाते हुए पेनल्टी बॉक्स के अंदर से बेहतरीन शॉट लगाया और टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही फ्रांस ने मैच पर पूरी तरह पकड़ मजबूत कर ली। माइकल ओलीसे ने शानदार पास देकर ब्रैडली बारकोला को मौका बनाया जिसे उन्होंने गोल में बदल दिया। इसके कुछ देर बाद ओलीसे ने एक और बेहतरीन पास एमबाप्पे को दिया और फ्रांसीसी कप्तान ने बिना गलती किए अपना दूसरा गोल दाग दिया। यह विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में एमबाप्पे का 10वां गोल भी रहा।
7वीं बार प्री क्वार्टर में फ्रांस
फ्रांस ने 7वीं बार विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले टीम 1986, 1998, 2006, 2014, 2018 और 2022 में भी इस दौर तक पहुंची थी। लगातार चौथी बार राउंड ऑफ 16 में पहुंचने के मामले में फ्रांस से आगे केवल ब्राजील है। अब 5 जुलाई को फिलाडेल्फिया में उसका सामना पराग्वे से होगा। फ्रांस लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।


