उत्तर प्रदेशराज्य

‘डोली उठी तो अर्थी उठेगी’ सिरफिरे आशिक ने दुल्हन पर चला दी गोली…जीत फिल्म का सनी देओल बनना महंगा पड़ गया

उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के कंचौसी कस्बे के एक शादी समारोह में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तरफा प्यार में अंधे युवक ने दुल्हन पर गोली चलाने पहुंच गया. दरअसल, बुधवार देर शाम मंगलपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक गेस्ट हाउस में औरैया निवासी युवती की शादी का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान कासगंज के नगला बैरू निवासी परवेश नामक युवक, जो दुल्हन से एक तरफा प्रेम करता था. अचानक समारोह में घुस आया और दुल्हन को गोली मार दी.

समारोह में प्रवेश करते ही आरोपी परवेश ने दुल्हन की ओर तमंचा तानते हुए फायरिंग कर दी. दुल्हन बाल-बाल बच गई, लेकिन गोली की आवाज से शादी का माहौल दहशत में बदल गया. फायर होते ही हॉल में मौजूद लोग चीखते हुए इधर-उधर भागने लगे. वहीं परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया.

एक तरफा प्यार में युवक ने मारी गोली

वहीं गोली बारी के बाद हंगामा बढ़ने से पहले ही दुल्हन के परिजनों और आये लोगों ने आरोपी को काबू किया और उसे मारपीट से बचाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी युवक परवेश को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी.

डेरापुर क्षेत्राधिकारी राजीव सिरोही ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दुल्हन से एक तरफा प्रेम की बात स्वीकार की है. युवती की शादी तय होने और उसकी बारात पहुंचने की जानकारी मिलने पर युवक परवेश गुस्से में अपना तमंचा लेकर गेस्ट हाउस जा पहुंचा था. वहीं फिल्मी अंदाज में दुल्हन पर फायरिंग कर दी.

पुलिस की सुरक्षा में हुई शादी

सीओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास, अवैध हथियार रखने और शांति भंग करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले आया था या उसे किसी ने उकसाया. घटना के बाद शादी की रस्में कुछ देर के लिए रोक दी गईं, लेकिन हालात सामान्य करने के बाद वर-वधू पक्ष ने कार्यक्रम दोबारा शुरू किया. पुलिस की सुरक्षा में शादी संपन्न कराई गई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button