उत्तराखंडराज्य

दिल्ली कार ब्लास्ट: उत्तराखंड में NIA का छापा, हल्द्वानी से हिरासत में लिए गए इमाम समेत 2 लोग

हल्द्वानी – दिल्ली बम ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी उमर की कॉल डिटेल्स की जांच के दौरान उसका संपर्क उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र से जुड़े होने की सूचना सामने आई है। इसी कड़ी में शुक्रवार देर रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी NIA उत्तराखंड एसटीएफ की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बनभूलपुरा में दबिश दी।

जांच एजेंसियों ने कार्रवाई के दौरान लाइन नंबर 8 स्थित बिलाली मस्जिद के इमाम मौलाना आसिम को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसे पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया गया है। मौलाना के बारे में पता चला है कि वे मूल रूप से यूपी के रामपुर दड़ियाल के रहने वाला है, और पिछले चार वर्षों से बिलाली मस्जिद के इमाम के रूप में सेवाएँ दे रहा था।

घटना के बाद बनभूलपुरा सहित शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मस्जिद परिसर और इमाम के आवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही शहर के कई स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

शनिवार सुबह एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल और अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। अचानक पुलिस की बढ़ी तैनाती से स्थानीय लोग आशंकाओं के चलते तरह–तरह के कयास लगाते दिखे।

जांच एजेंसियों द्वारा यह कार्रवाई दिल्ली में गिरफ्तार आरोपी उमर के संभावित नेटवर्क और कथित संपर्कों की जांच का हिस्सा मानी जा रही है। फिलहाल किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि एजेंसियों द्वारा नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button