
देहरादून। ग्रामीण विकास विभाग की ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के तहत ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिली है। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने 42 पशु सखी और ए-हेल्प वर्कर को स्मार्ट मोबाइल फोन तथा 1575 ग्रामीण महिलाओं को कृषि सहायक और श्रम न्यूनीकरण उपकरण वितरित किए।
महिलाओं और पशु सखियों को मिलेगा लाभ
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और पशुपालन से जुड़े लोगों को जमीनी स्तर पर सशक्त बना रही है। श्रम न्यूनीकरण उपकरणों से महिलाओं का कार्यभार कम होगा, समय की बचत होगी और आय में वृद्धि होगी। वहीं पशु सखियों को मिले स्मार्ट मोबाइल फोन के माध्यम से पशुपालकों को 24 घंटे बेहतर पशुधन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
रीप परियोजना के तहत प्रशिक्षण और उपकरण वितरण
रीप परियोजना के तहत देहरादून और हरिद्वार की चयनित पशु सखियों को प्रशिक्षण देने के बाद स्मार्ट मोबाइल फोन प्रदान किए गए। इसके साथ ही देहरादून जनपद के ग्राम संगठनों से जुड़ी महिलाओं को कुदाल, खुरपी, स्प्रिंकलर सिस्टम और स्प्रेयर जैसे आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
अपर सचिव ग्राम्य विकास झरना कमठान ने बताया कि रीप परियोजना ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पलायन रोकने में भी सहायक साबित हो रही है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र की आजीविका में सुधार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है।



