उत्तराखंडराज्य

सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन के महाधिवेशन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का संबोधन

देहरादून के धर्मपुर स्थित एक निजी होटल में सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन के छठे प्रांतीय त्रैवार्षिक महाधिवेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर महाधिवेशन का विधिवत शुभारंभ किया और वरिष्ठ पेंशनर्स को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया।

60 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर संगठन को बधाई
महाधिवेशन को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन का 60 वर्षों की यात्रा पूर्ण करना गर्व का विषय है। संगठन की षष्ठीपूर्ति यह दर्शाती है कि अनुभव, अनुशासन और सेवा भावना के बल पर यह संगठन निरंतर मजबूत हुआ है और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना है।

राज्य निर्माण में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की अहम भूमिका
श्री जोशी ने कहा कि राज्य के निर्माण से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से शासन-प्रशासन को मजबूती मिली है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।

सेवानिवृत्ति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सेवानिवृत्ति को सेवा का अंत नहीं, बल्कि समाज और संगठन के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह महाधिवेशन केवल विचार-विमर्श का मंच नहीं है, बल्कि संगठनात्मक एकता, सामूहिक शक्ति और आपसी सहयोग का प्रतीक भी है।

पेंशनर्स की समस्याओं को लेकर सौंपा गया 14 सूत्रीय मांग पत्र
कार्यक्रम के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखते हुए पेंशनर्स के हितों और सम्मान की रक्षा की मांग उठाई। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री को 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। मांगों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जुड़े गोल्डन कार्ड और आयुष्मान योजना की विसंगतियों को दूर करना, सरकारी कार्यालयों में पेंशनर्स के कार्यों को प्राथमिकता देना तथा नीति निर्माण में पेंशनर्स के दीर्घ प्रशासनिक अनुभव का उपयोग करना प्रमुख रूप से शामिल रहा।

मांगों के समाधान का मिला आश्वासन
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने संगठन को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्तर पर पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे।

महाधिवेशन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कृषाली, प्रदेश संरक्षक आर.एस. परिहार, प्रदेश कोषाध्यक्ष एम.एस. गुसाईं, उपाध्यक्ष कुसुमलता शर्मा, के.डी. शर्मा, गुलशन कुमार, सरदार रोशन सिंह, चंद्र प्रकाश, प्रदेश सचिव जगदीश प्रसाद रतूड़ी, मोहन सिंह रावत, हृदयराम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button