उत्तराखंडराज्य

देहरादून में यातायात सुधार के लिए मुख्य सचिव ने उठाए ठोस कदम

देहरादून – देहरादून शहर में बढ़ते यातायात संकुलन को कम करने के लिए राज्य सरकार ने ठोस कदम उठाना शुरू कर दिया है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में देहरादून मोबिलिटी प्लान के संबंध में संबंधित विभागों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

निरंजनपुर मंडी और आढ़त बाजार के सुधार निर्देश

मुख्य सचिव ने निरंजनपुर मंडी को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) को नई जगह तलाशने के निर्देश दिए। साथ ही, आढ़त बाजार के पुनर्निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने और 20 जनवरी तक शासनादेश (जीओ) जारी करने पर जोर दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को शहर के छह प्रमुख जंक्शनों के सुधार कार्यों के लिए 15 जनवरी तक जीओ जारी करने के भी निर्देश दिए।

पार्किंग व्यवस्था और ऑन-रोड पार्किंग

मुख्य सचिव ने शहर के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग का शत-प्रतिशत उपयोग न होने पर चिंता व्यक्त की और निर्देश दिए कि उपलब्ध पार्किंग का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, नगर निगम द्वारा लागू ऑन-रोड पार्किंग व्यवस्था को अन्य मार्गों पर भी लागू करने का निर्देश दिया गया, ताकि लोग सड़क पर वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें।

स्पेशल पर्पज व्हीकल और पार्किंग विकास

मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को दिसंबर माह में स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) रजिस्टर करने और जनवरी में इसकी पहली बोर्ड बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आशारोड़ी में सीज किए गए वाहनों के लिए बनाई जा रही पार्किंग को शीघ्र शुरू करने की भी बात कही।

नई पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग

उम्टा (UMTA) द्वारा तैयार मोबिलिटी प्लान के तहत चिन्हित नए पार्किंग स्थलों की ग्राउंड ट्रुथिंग कराने के निर्देश दिए गए। उपयुक्त पाए जाने पर इन स्थलों का विकास किया जाएगा। परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग की फीजिबिलिटी जांच भी शीघ्र कराने को कहा गया।

सड़क और बिजली अवसंरचना सुधार

मुख्य सचिव ने शहर में खंभों पर लटकी बिना अनुमति और अवैध तारों को जल्द हटाने तथा जहां अंडरग्राउंड बिजली केबल का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव अहमद इकबाल एवं विनीत कुमार, वीसी एमडीडीए बंशीधर तिवारी, एसपी देहरादून अजय सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button