
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईटीबीपी स्टेडियम, सीमा द्वार, देहरादून में सेवा संकल्प (धारिणी) फाउंडेशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय माल्टा महोत्सव में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों से आए कृषकों से संवाद किया और माल्टा व नींबू के खट्टे फलों का स्वाद लिया।
माल्टा उत्पादन में अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में माल्टा उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार इस दिशा में ठोस पहल करते हुए माल्टा मिशन शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से माल्टा के उत्पादन, विपणन और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस मिशन से पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों की आय में वृद्धि होगी और उत्तराखण्ड के स्थानीय फलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
स्थानीय फलों के उत्पादन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल माल्टा तक सीमित नहीं, बल्कि कीवी, सेब, आडू, पुलम, नींबू और अन्य स्थानीय फलों के उत्पादन को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने माल्टा महोत्सव जैसे आयोजनों को किसानों और बाजार/उपभोक्ता के बीच सीधे संपर्क का प्रभावी माध्यम बताया, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर आईजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।



