उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुड़की में नव-निर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवन का लोकार्पण किया

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुड़की में नव-निर्मित भाजपा जिला कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्णाहुति के साथ संपन्न इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित जनसमूह को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यालय कार्यकर्ताओं की निष्ठा और संगठन की शक्ति का प्रतीक है। पार्टी देशभर में अपने संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ कर रही है, और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये कार्यालय उसी का उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय क्षेत्र की छह विधानसभाओं के लिए ऊर्जा का केंद्र बनेगा और यहां से जन-कल्याण योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है और विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। धामी ने सभी से अपील की कि आत्मनिर्भर भारत की भावना के साथ स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प लें।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भगवान धनवंतरि के अवतरण दिवस पर भाजपा कार्यालय का शुभारंभ शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि क्षेत्र की विकास योजनाओं की रूपरेखा इसी कार्यालय से तय होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाया जाए।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर अनीता अग्रवाल, जून अखाड़े के महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरी, विधायक प्रदीप बत्रा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल व शोभाराम प्रजापति, जिला प्रभारी आदित्य चौहान, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल, सीडीओ ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button