उत्तराखंडराज्य

बड़ी खबर: गैरसैंण में ही आहूत होगा बजट सत्र, सीएम धामी ने किया ऐलान

देहरादून: उत्तराखंड में वर्तमान समय में बजट सत्र 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं। हालांकि सरकार ने अभी तक बजट सत्र की आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन यह तय कर दिया गया है कि सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार की प्राथमिकता इस बार सत्र को भराड़ीसैंण में ही संपन्न कराने की है।

मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बजट सत्र आयोजित करने के लिए अधिकृत किया था। पिछले वर्ष भी मुख्यमंत्री ने सत्र को गैरसैंण में प्रस्तावित किया था, लेकिन उस समय भराड़ीसैंण विधानसभा में रख-रखाव का कार्य चल रहा था, इसलिए सत्र वहीं आयोजित नहीं हो पाया था। इस बार सरकार ने पहले ही सुनिश्चित किया है कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी होने के बाद सत्र यहीं आयोजित किया जाएगा।

वित्तीय तैयारी और विभागीय चर्चाएं

वित्त सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि वित्त विभाग ने सभी विभागों को आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपनी मांगें ऑनलाइन साझा करने के लिए एक माह पहले ही सूचना दे दी थी। सभी विभागों ने अपनी मांगें वित्त विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध करा दी हैं और अब पोर्टल बंद कर दिया गया है। विभागों द्वारा प्राप्त मांगों का परीक्षण पूरा हो चुका है और अब एक-एक करके बजट संबंधी चर्चाएं चल रही हैं।

ये चर्चाएं इसलिए जरूरी हैं ताकि विभागों की प्राथमिकताओं को समझकर बजट में समायोजित किया जा सके। यह प्रक्रिया लगभग एक महीने तक चलेगी। इसके अलावा, एक फरवरी को भारत सरकार द्वारा आम बजट पेश किया जाएगा, जो राज्य के बजट पर भी प्रभाव डालेगा। आम बजट के अध्ययन के आधार पर राज्य में अपने बजट का अंतिम स्वरूप तैयार किया जाएगा और उसके बाद इसे मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

पिछले बजट सत्र में पारित प्रमुख विधेयक

उत्तराखंड विधानसभा के पिछले बजट सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित हुए थे, जिनमें प्रमुख हैं:

  • उत्तराखंड नगर निकायों एवं प्राधिकरणों हेतु विशेष प्राविधान (संशोधन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड निक्षेपक हित संरक्षण (वित्तीय अधिष्ठानो में) (निरसन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड राज्य विधान सभा (सदस्यों की उपलब्धियां और पेंशन) (संशोधन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड कीड़ा विश्वविद्यालय विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड निरसन विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास (संशोधन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड लोक सेवा (कुशल खिलाड़ियों के लिए क्षैतिज आरक्षण) (संशोधन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश लोक सेवा (शारीरिक रूप से विकलांग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित और पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण) अधिनियम, 1993) (संशोधन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश और भूमि व्यवस्था अधिनियम 1950) (संशोधन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक, 2025

  • उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1959) (संशोधन) विधेयक, 2024 प्रवर समिति द्वारा मूलरूप में यथासंस्तुत

  • उत्तराखंड विनियोग विधेयक, 2025

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button