
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में स्वास्थ्य, कुम्भ मेला तैयारियों, आपदा न्यूनीकरण, बाढ़ सुरक्षा और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं के लिए कुल 102 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां दी हैं। इन स्वीकृतियों से राज्य में आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी और महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निवेश
मुख्यमंत्री ने ऊधम सिंह नगर के उपजिला चिकित्सालय, बाजपुर में छह चिकित्साधिकारियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और कर्मचारियों के लिए सुविधाजनक आवास सुनिश्चित होगा।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी
हरिद्वार में प्रस्तावित पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर भवन के निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। साथ ही हर की पैड़ी से ललतारों सेतु तक गलियों के सुधारीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य हेतु 9 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इस कार्य को स्मार्ट सिटी पीआईयू, लोक निर्माण विभाग, देहरादून के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा।
आपदा न्यूनीकरण और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं
राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत विधानसभा क्षेत्र खानपुर में क्षतिग्रस्त आरसीसी सेतु की एप्रोच के सुरक्षात्मक कार्य हेतु 6.67 करोड़ रुपये की योजना के प्रथम किश्त के रूप में 2.67 करोड़ रुपये जारी किए गए।
लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण हेतु मांगे गए 32.50 करोड़ रुपये में से 25 करोड़ रुपये राज्य आपदा मोचन निधि से अवमुक्त किए जाने को भी मंजूरी दी गई।
स्थानीय बाढ़ और नदी सुरक्षा कार्य
-
चम्पावत, तहसील पूर्णागिरी: हुड्डी नदी से ग्राम छानीगोठ की सुरक्षा हेतु 5.75 करोड़ रुपये, प्रथम किश्त 2.30 करोड़ रुपये।
-
चमोली, गैरसैंण विकासखंड: रामगंगा नदी तट पर भू-कटाव रोकने एवं आवासीय भवनों की सुरक्षा हेतु 6.83 करोड़ रुपये, प्रथम किश्त 2.74 करोड़ रुपये।
-
उत्तरकाशी, भटवाड़ी विकासखंड, ग्राम हर्षिल: भागीरथी नदी के दाहिने तट पर भवनों की सुरक्षा हेतु 10.24 करोड़ रुपये, प्रथम किश्त 4.10 करोड़ रुपये।
-
देहरादून, धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र: सुसवा नदी के दोनों तटों पर दूधा देवी पुल के डाउनस्ट्रीम में बाढ़ सुरक्षा योजना हेतु 4.30 करोड़ रुपये, प्रथम किश्त 1.72 करोड़ रुपये।
शहरी विकास और शिक्षा में महत्वपूर्ण कदम
-
नगर पंचायत ईमलीखेड़ा में लीगेसी वेस्ट निस्तारण हेतु 13.90 लाख रुपये की स्वीकृति।
-
पौड़ी गढ़वाल, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोबरियासार, रिखणीखाल का नाम शहीद अनुज नेगी के नाम पर रखने की मंजूरी।
इन स्वीकृतियों से राज्य में स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, शहरी विकास और कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों में महत्वपूर्ण सुधार होगा।



