
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस अभिनव पहल की सराहना की। उन्होंने भारत मंडपम, नई दिल्ली में 9 से 12 जनवरी तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।
युवाओं के नेतृत्व और नवाचार को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि लाखों विद्यार्थियों में से इस कार्यक्रम के लिए चयनित होना प्रतिभागी युवाओं के लिए गर्व का विषय है। युवाओं के साथ उनके शिक्षकों को भी उन्होंने बधाई दी और बताया कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर का अनुभव अर्जित करने का अवसर है।
सर्वांगीण विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देशभर के प्रतिभाशाली साथियों से सीखने और विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यंग लीडर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। आने वाले समय में यही युवा नवाचार और नेतृत्व क्षमता के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
भारत की वैश्विक उपलब्धियां और युवाओं के लिए आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत उस दौर में खड़ा है, जहां संकल्प के साथ सपनों को साकार किया जा रहा है। अंतरिक्ष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत ने वैश्विक पहचान बनाई है। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या, निदेशक खेल आशीष चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



