
खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा भ्रमण के दूसरे दिन शनिवार को जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए कैंप कार्यालय लोहियाहेड और हेलीपैड परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सक्रिय सहभागिता
मुख्यमंत्री के इस जनसंवाद कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा, नगर पालिका परिषद खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी, अपर जिलाधिकारी कौस्तूभ मिश्रा, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी एवं उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
समस्याओं के समाधान पर मुख्यमंत्री का जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़ी प्रत्येक समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुविधाएं पहुंचाना है, जिसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।



