उत्तराखंडराज्य

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को किया रवाना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से “ग्रामीण गढ़वाल समग्र स्वास्थ्य सेवा परियोजना” के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों को फ्लैग-ऑफ किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल, देहरादून द्वारा मुख्यमंत्री की प्रेरणा से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का संकल्प

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का यह दृढ़ संकल्प है कि कोई भी नागरिक भौगोलिक दूरी या आर्थिक कारणों से स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से दूरस्थ और दुर्गम गांवों में समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, निःशुल्क जांच, परामर्श और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रथम चरण में चमोली और टिहरी में तैनात की गई मोबाइल यूनिट्स

परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद चमोली एवं टिहरी गढ़वाल में दो पूर्णतः सुसज्जित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स तैनात की गई हैं। इन यूनिट्स के माध्यम से सामान्य चिकित्सा सेवाओं के साथ 29 से अधिक प्रकार की निःशुल्क पैथोलॉजी जांच, निःशुल्क दवा वितरण, नेत्र जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यकता अनुसार रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक मोबाइल यूनिट में प्रशिक्षित चिकित्सक की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।

तय समय-सारिणी के अनुसार गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचेंगी यूनिट्स

मोबाइल मेडिकल यूनिट्स निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार गांवों, कस्बों, स्कूलों और बाजारों में पहुंचकर लोगों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगी। इस कार्य के लिए संबंधित जनपदों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

इस अवसर पर ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं हॉस्पिटल के चेयरमैन श्री कमल घनसाला, डॉ. पुनीत त्यागी, डॉ. एस.एल. जेठानी, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) ओ.पी. सोनी, डॉ. सुभाष गुप्ता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक सराहनीय कदम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button