
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में स्थानीय लोगों, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें और समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाए।

‘जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक मानी जाएगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले।

जनहित के मामलों में संवेदनशीलता से काम करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का उचित स्तर पर परीक्षण कर उसका प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, प्रेम सिंह टूरना, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, गंभीर सिंह धामी, फरजाना बेगम, रणजीत सिंह नामधारी, किसान सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, उत्तम दत्ता, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सतीश चंद्र भट्ट, रनदीप पोखरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, प्राधिकरण उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, गौरव पांडे और राहुल शाह सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।



