
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में कुमाऊँ मंडल नैनीताल के आयुक्त द्वारा बनभूलपुरा, तहसील हल्द्वानी स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र में छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर अवैध रूप से स्थायी प्रमाण-पत्र जारी किए जाने का गंभीर मामला उजागर हुआ।
पिछले पाँच वर्षों में जारी प्रमाण-पत्रों का होगा सत्यापन
इस मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी भदौरिया ने ऊधम सिंह नगर जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पिछले पाँच वर्षों में बने सभी स्थायी निवास प्रमाण-पत्रों की गहन जांच करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में संचालित सभी ग्राहक सेवा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाए।
फर्जी प्रमाण-पत्र पाए जाने पर तुरंत होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया है कि जो भी प्रमाण-पत्र फर्जी, असत्य या अवैध आधार पर जारी पाए जाएँ, उन्हें तुरंत निरस्त किया जाए। इसके साथ ही दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसी अनियमितताओं को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



