उत्तराखंडराज्य

रुद्रपुर में नानकमत्ता प्रकरण पर बवाल, धर्मान्तरण आरोप की उच्च स्तरीय जांच के आदेश

रुद्रपुर में “धर्मान्तरण के आरोप पर नानकमत्ता में बवाल” शीर्षक से प्रकाशित समाचार के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। खबर के अनुसार ग्राम नवीनगर, उप तहसील नानकमत्ता में रविवार 19 अप्रैल 2026 को धार्मिक पूजा की आड़ में धर्मान्तरण के आरोप को लेकर हंगामा होने की सूचना सामने आई थी।

जिलाधिकारी ने मामले को बताया संवेदनशील
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने इस प्रकरण को प्रथम दृष्टया अत्यंत संवेदनशील प्रकृति का बताया है। उन्होंने कहा कि इसमें कानून-व्यवस्था, सामाजिक समरसता और जनसुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलू शामिल हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच आवश्यक है।

07 सदस्यीय जांच समिति का गठन
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में 07 सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वह पूरे मामले की गहन जांच कर तथ्यात्मक, सुस्पष्ट और प्रमाण आधारित रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करे।

जांच टीम में शामिल अधिकारी
जांच समिति में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा निरीक्षक स्थानीय अभिसूचना इकाई को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

स्थलीय निरीक्षण की तिथि निर्धारित
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने जानकारी दी कि इस मामले में घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण और शिकायतकर्ता परिवार से मुलाकात 05 मई को दोपहर 12 बजे की जाएगी। सभी नामित सदस्यों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित रहकर समन्वय के साथ जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं।

प्रशासन की सख्ती और निष्पक्ष जांच पर जोर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाएगी, ताकि वास्तविक तथ्यों का पता लगाया जा सके और किसी भी प्रकार की गलतफहमी या सामाजिक तनाव को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button