
देहरादून के सहसपुर ब्लॉक स्थित भगवन्तपुर में जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
लाभार्थियों को चेक और उपकरण वितरण
शिविर में मंत्री गणेश जोशी ने कृषि विभाग के लाभार्थियों को चेक वितरित किए और कृषक समूहों को फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत आवश्यक उपकरण प्रदान किए। बाल विकास विभाग के लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट एवं किशोरी किट वितरित किए गए। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
शिकायतों का समय पर निस्तारण
शिविर में कुल 40 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही किया गया। शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और शिविरों की सफलता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शिविरों की सफलता को देखते हुए मुख्यमंत्री द्वारा इनकी अवधि 15 दिन बढ़ाई गई है। प्रदेशभर में आयोजित इन विशेष शिविरों से अब तक 6 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण
मंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। केंद्रीय बजट 2026 में लखपति दीदियों को ‘शी मार्ट’ से जोड़ने के प्रावधान से महिलाओं की आजीविका को और मजबूती मिलेगी। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।
वीबीजी रामजी योजना और मनरेगा के तहत विकास कार्य
मंत्री ने बताया कि वीबीजी रामजी योजना मनरेगा से एक कदम आगे बढ़कर ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सशक्त पहल है। योजना के संचालन के लिए चालू वित्तीय वर्ष में भारत सरकार द्वारा ₹95,652.31 करोड़ का बजटीय प्रावधान किया गया है। योजना के तहत रोजगार के दिवस 100 से बढ़ाकर 125 कर दिए गए हैं और समय पर मजदूरी भुगतान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी और जनप्रतिनिधि
शिविर में उपजिलाधिकारी मसूरी राहुल आनंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मंडल प्रभारी ज्योति कोटिया, लक्ष्मण सिंह रावत, किरन, ग्राम प्रधान रेनू शर्मा, भारती जवाड़ी, सुनील छेत्री, अजय पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



