
देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा ने रविवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। सभी 19 सांगठनिक जिलों के मुख्यालयों पर कांग्रेस का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट ने कहा कि कांग्रेस इस संवेदनशील मामले का राजनीतिकरण कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंडा विहीन कांग्रेस, दिवंगत बेटी के नाम पर अनैतिक राजनीति कर रही है।
कांग्रेस पर तीखा प्रहार
रुचि चौहान भट्ट ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास न तो विकास का कोई विजन है और न ही कोई सकारात्मक एजेंडा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस खोई जमीन तलाशने के लिए अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मामले को चुनावी स्टंट बना रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि SIT जांच से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने पहले ही यह साफ कर दिया था कि इस मामले में किसी भी ‘वीआईपी’ की संलिप्तता नहीं थी। धामी सरकार ने घटना के 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजा, SIT गठित की और पारदर्शी जांच करवाई।
दोषियों को सजा और पीड़ित परिवार को सहायता
-
500 पन्नों की चार्जशीट, 100 से अधिक गवाहों के बयान और मजबूत पैरवी के आधार पर दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दी गई।
-
सरकार ने पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
-
परिवार की मांग पर तीन बार सरकारी वकील बदले गए, ताकि दोषियों को जमानत न मिल सके।
रुचि चौहान भट्ट ने कहा कि जब न्यायालय द्वारा दोषियों को सजा सुनाई जा चुकी है, तब भी कांग्रेस द्वारा मामले को उठाना उसकी हताशा और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।
भाजपा महिला मोर्चा का आक्रामक रुख
प्रदेश अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि भाजपा महिला मोर्चा अब आक्रामक रुख अपना चुका है और कांग्रेस के झूठे आरोपों व भ्रम फैलाने की राजनीति को जनता के सामने लगातार बेनकाब करती रहेगी।
देहरादून महानगर में पुतला दहन
देहरादून महानगर में हुए पुतला दहन कार्यक्रम में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



